सूरह अल-कहफ़ : जीवन की चार बड़ी परीक्षाओं से बचने का कुरआनी हिदायत
परिचय:
कुरआन मजीद केवल तिलावत करने की किताब नहीं, बल्कि इंसान की पूरी जीवन के लिए रहनुमाई का स्रोत (Source )है। इसमें ऐसे उसूल, घटनाएँ और शिक्षाएँ मौजूद हैं जो हर दौर के इंसान को सही रास्ता दिखाती हैं और उसे दुनिया व आख़िरत की कामयाबी की तरफ़ ले जाती हैं। सूरह अल-कहफ़ भी कुरआन की ऐसी ही एक महान सूरह है, जो ईमान, अख़लाक़ और तक़वा की हिफाज़त करने वाली सूरहों में से है।
आज का इंसान विज्ञान, तकनीक और भौतिक सुविधाओं के दौर में जी रहा है, लेकिन इसके साथ ही वह अनेक प्रकार के फ़ितनों, मानसिक उलझनों (Mental confusions), नैतिक चुनौतियों और रूहानी कमज़ोरियों का सामना भी कर रहा है। कभी उसका ईमान परीक्षा में पड़ता है, कभी माल-दौलत उसे ग़फ़लत और घमंड में डाल देती है, कभी इल्म और ज्ञान अहंकार और तकब्बुर का कारण बन जाता है, और कभी ताक़त व पद इंसान को ज़ुल्म और अन्याय की तरफ़ ले जाते हैं। सूरह अल-कहफ़ इन सभी चुनौतियों के बीच मोमिन को सही राह दिखाती है और उसे सब्र, यक़ीन तथा अल्लाह पर भरोसा रखने की तालीम देती है।
रसूलुल्लाह ﷺ ने भी इस सूरह की ख़ास फ़ज़ीलत बयान फ़रमाई है। आपने जुमे के दिन इसकी तिलावत करने की प्रेरणा (Inspiration) दी, क्योंकि यह सूरह मोमिन के दिल को रोशन करती है, उसे फ़ितनों से बचाती है और दज्जाल के फ़ितने से हिफाज़त का ज़रिया बनती है।
عَنْ أَبِي سَعِيدٍ الْخُدْرِيِّ رَضِيَ اللَّهُ عَنْهُ أَنَّ النَّبِيَّ ﷺ قَالَ : مَنْ قَرَأَ سُورَةَ الْكَهْفِ فِي يَوْمِ الْجُمُعَةِ أَضَاءَ لَهُ مِنَ النُّورِ مَا بَيْنَ الْجُمُعَتَيْنِ
हज़रत अबू सईद अल-ख़ुदरी रज़ियल्लाहु अन्हु से रिवायत है कि रसूलुल्लाह ﷺ ने फ़रमाया:
"जो शख़्स जुमे के दिन सूरह अल-कह्फ़ पढ़ेगा, उसके लिए इस जुमे से अगले जुमे तक नूर (रौशनी और हिदायत) पैदा कर दी जाएगी।"
इस हदीस में जुमे के दिन सूरह अल-कह्फ़ पढ़ने की बड़ी फ़ज़ीलत बयान की गई है। "नूर" से मुराद अल्लाह की तरफ़ से मिलने वाली हिदायत, बरकत, दिल की रौशनी और गुमराही से बचाव है।
इसलिए मुसलमानों के लिए मुस्तहब है कि वे जुमे के दिन या जुमे की रात सूरह अल-कह्फ़ की तिलावत करें और इसके संदेश पर ग़ौर करें। सूरह अल-कहफ़ केवल एक सूरह नहीं, बल्कि ईमान की हिफाज़त (Protection), फ़ितनों से बचाव और सही जीवन-दृष्टि (Outlook on life) प्रदान करने वाली एक महान रूहानी रहनुमाई है।
जुमे के दिन सूरह अल-कह्फ़ की तिलावत करना एक मुबारक अमल है, जो पूरे हफ़्ते के लिए इंसान के दिल और ज़िंदगी में नूर का सबब बनता है। ) सुनन अल-कुबरा लिल-बैहकी(
इसी वजह से सूरह अल-कहफ़ केवल एक सूरह नहीं, बल्कि ईमान की हिफाज़त (Protection), फ़ितनों से बचाव और सही जीवन-दृष्टि (Outlook on life) प्रदान करने वाली एक महान रूहानी रहनुमाई है।
सूरह अल-कहफ़ का केंद्रीय संदेश
अगर सूरह अल-कहफ़ पर गहराई से विचार किया जाए, तो यह स्पष्ट होता है कि यह सूरह इंसान को जीवन की बड़ी-बड़ी परीक्षाओं और फ़ितनों से बचने की शिक्षा देती है। इसमें केवल घटनाओं का वर्णन नहीं किया गया, बल्कि उन घटनाओं के माध्यम से ऐसे महत्वपूर्ण सबक दिए गए हैं जो हर दौर के इंसान के लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं।
सूरह अल-कहफ़ में विशेष रूप से चार बड़ी परीक्षाओं (फ़ितनों) का ज़िक्र मिलता है, जिनका सामना हर युग (काल) में इंसान करता आया है और आज भी कर रहा है। ये चार परीक्षाएँ हैं: पहला दीन और ईमान की परीक्षा, दूसरा धन और दुनिया की परीक्षा, तीसरा ज्ञान और बुद्धि की परीक्षा और चौथा शक्ति, पद और अधिकार की परीक्षा।
इन चारों परीक्षाओं को समझाने के लिए सूरह अल-कहफ़ में अलग-अलग घटनाएँ बयान की गई हैं। असहाब-ए-कहफ़ का वाक़िआ ईमान की हिफाज़त का संदेश देता है, दो बाग़ों वाले व्यक्ति की घटना धन और दुनिया के घमंड से सावधान करती है, हज़रत मूसा अलैहिस्सलाम और हज़रत ख़िज़्र अलैहिस्सलाम का प्रसंग ज्ञान के साथ विनम्रता और सब्र की शिक्षा देता है, जबकि ज़ुलक़रनैन का वाक़िआ शक्ति और अधिकार का सही उपयोग करना सिखाता है।
दरअसल, सूरह अल-कहफ़ यह बताती है कि इंसान की असली सफलता धन, ज्ञान या सत्ता में नहीं, बल्कि ईमान, तक़वा, विनम्रता और अल्लाह तआला पर भरोसा रखने में है। जो व्यक्ति इन चारों परीक्षाओं में अल्लाह की हिदायत के अनुसार चलने की कोशिश करता है, वह दुनिया और आख़िरत दोनों में कामयाबी हासिल कर सकता है।
इसी वजह से सूरह अल-कहफ़ को फ़ितनों से बचाने वाली सूरह कहा गया है, क्योंकि यह मोमिन को जीवन की कठिन परिस्थितियों में सही सोच, सही दिशा और सही रास्ता दिखाती है।
पहली परीक्षा : ईमान और दीन की रक्षा
असहाब-ए-कहफ़ का प्रेरणादायक उदाहरण
सूरह अल-कहफ़ की शुरुआत कुछ ऐसे साहसी और ईमान वाले नौजवानों के ज़िक्र से होती है, जिन्होंने अपने ईमान की हिफ़ाज़त के लिए दुनिया की सुख-सुविधाओं, सामाजिक शान व शौकत और आरामदायक जीवन तक को छोड़ दिया। उन्होंने यह साबित कर दिया कि एक सच्चे मोमिन के लिए दीन और ईमान दुनिया की हर चीज़ से अधिक क़ीमती है।
अल्लाह तआला इरशाद फ़रमाता है:
إِنَّهُمْ فِتْيَةٌ آمَنُوا بِرَبِّهِمْ وَزِدْنَاهُمْ هُدًى
“वे कुछ नौजवान थे जो अपने रब पर ईमान लाए थे और हमने उन्हें और अधिक हिदायत प्रदान किया।” (सूरह अल-कहफ़ 18:13)
ये नौजवान ऐसे समाज में रहते थे जहाँ अल्लाह तआला की इबादत छोड़कर मूर्तियों की पूजा की जाती थी। शिर्क, गुमराही और अन्याय का बोलबाला था। समाज और सत्ता दोनों की ओर से उन पर दबाव डाला गया कि वे अपने ईमान को छोड़ दें और प्रचलित गलत मान्यताओं को स्वीकार कर लें। लेकिन उन्होंने अल्लाह तआला की खातिर सब कुछ छोड़ना मंज़ूर किया, पर अपने दीन और ईमान से समझौता नहीं किया।
मशहूर मुफस्सिर इमाम इब्न कसीर लिखते हैं कि ये नौजवान अपने समाज के सम्मानित और समझदार लोगों में से थे। जब उनके राजा ने उन्हें तौहीद छोड़कर मूर्तिपूजा (idol worshipping) अपनाने के लिए मजबूर किया, तो उन्होंने अपने ईमान की रक्षा के लिए शहर छोड़ दिया और एक गुफ़ा में पनाह ली। अल्लाह तआला ने उनकी इस कुर्बानी को स्वीकार किया और उन्हें अपनी खास रहमत और हिफ़ाज़त में ले लिया।
इसी तरह इमाम क़ुर्तुबी लिखते हैं कि असहाब-ए-कहफ़ की घटना इस बात की स्पष्ट दलील है कि जब दीन और दुनिया में टकराव हो, तो एक मोमिन को दीन को प्राथमिकता (priority) देनी चाहिए। उन्होंने कठिनाइयाँ, अकेलापन और अनिश्चित भविष्य स्वीकार कर लिया, लेकिन अपने ईमान को नहीं छोड़ा।
शैख अब्दुर्रहमान अस-सअदी इस घटना की व्याख्या करते हुए लिखते हैं कि असहाब-ए-कहफ़ का वाक़िआ हर दौर के मोमिनों के लिए एक संदेश है कि जो लोग अल्लाह तआला की खातिर त्याग और कुर्बानी देते हैं, अल्लाह उनकी मदद करता है और उनके लिए ऐसे रास्ते खोल देता है जिनकी वे कल्पना भी नहीं कर सकते।
इस घटना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि अल्लाह तआला ने इन नौजवानों को केवल बचाया ही नहीं, बल्कि उनके ज़िक्र को क़ुरआन मजीद में हमेशा के लिए सुरक्षित कर दिया। यह इस बात की निशानी है कि जो लोग अपने दीन की हिफ़ाज़त के लिए संघर्ष करते हैं, अल्लाह तआला उन्हें दुनिया और आख़िरत दोनों में सम्मान प्रदान करता है।
आज भी मुसलमानों का ईमान अनेक प्रकार की चुनौतियों से घिरा हुआ है। सोशल मीडिया, भौतिकवाद (materialism), गलत विचारधाराएँ, धार्मिक लापरवाही, अखिलक़ी जवाल और दुनियावी आकर्षण कई बार इंसान को अपने दीन से दूर कर देते हैं। कभी समाज का दबाव होता है, कभी दोस्तों का प्रभाव और कभी आधुनिक जीवन की चमक-दमक इंसान के ईमान को कमज़ोर करने लगती है।
ऐसे समय में असहाब-ए-कहफ़ का वाक़िआ हमें यह सिखाता है कि ईमान सबसे बड़ी दौलत है। धन, पद, प्रसिद्धि (Reputation) और सुविधाएँ सब अस्थायी (तात्कालिक) हैं, लेकिन ईमान और अल्लाह तआला से संबंध ही इंसान की असली पूँजी है। एक मोमिन को चाहिए कि वह हर हाल में अपने दीन पर मज़बूती से क़ायम रहे, चाहे इसके लिए उसे कुछ त्याग (बलिदान) ही क्यों न करना पड़े।
असहाब-ए-कहफ़ की कहानी का सबसे बड़ा संदेश यह है कि जब इंसान अल्लाह तआला पर भरोसा करता है और अपने दीन की हिफ़ाज़त को प्राथमिकता (priority) देता है, तो अल्लाह उसकी मदद फ़रमाता है, उसकी रहनुमाई करता है और उसे फ़ितनों तथा गुमराही से बचा लेता है। यही इस घटना का केंद्रीय संदेश है और यही हर दौर के मोमिन के लिए सफलता का रास्ता है।
दूसरी परीक्षा : धन और दुनिया का मोह
दो बाग़ वालों का वाक़िआ:
सूरह अल-कहफ़ का दूसरा महत्वपूर्ण भाग धन और दुनियावी नेमतों की परीक्षा को बयान करता है। इसमें एक ऐसे व्यक्ति का ज़िक्र है जिसे अल्लाह तआला ने भरपूर दौलत, हरे-भरे बाग़ और अनेक सुविधाएँ प्रदान की थीं। लेकिन वह अपनी संपत्ति पर घमंड करने लगा और यह समझ बैठा कि उसकी यह दौलत कभी समाप्त नहीं होगी।
जब उसके ईमान वाले साथी ने उसे अल्लाह तआला की नेमतों का शुक्र अदा करने और घमंड से बचने की नसीहत की, और उसे यह याद दिलाया गया:
مَا شَاءَ اللَّهُ لَا قُوَّةَ إِلَّا بِاللَّهِ
“जो अल्लाह चाहता है वही होता है, और अल्लाह की मदद के बिना कोई शक्ति नहीं है।” (सूरह अल-कहफ़ : 39)
लेकिन उसने इस सच्चाई को भुला दिया और अपनी दौलत को अपनी ताक़त समझने लगा। नतीजा यह हुआ कि अल्लाह तआला ने उसके बाग़ों और संपत्ति को नष्ट कर दिया। तब उसे अपनी गलती का एहसास हुआ, लेकिन उस समय पछताने से कोई लाभ नहीं हुआ।
यह वाक़िआ हमें बताता है कि धन और संपत्ति अल्लाह तआला की एक बड़ी नेमत हैं, लेकिन जब इंसान उनमें खोकर अपने रब को भूल जाता है, तो वही नेमत उसके लिए परीक्षा बन जाती है।
आज के दौर में बहुत से लोग धन, व्यापार, नौकरी, मकान, ज़मीन और भौतिक (Physical) सफलता को अपनी असली कामयाबी समझ लेते हैं। धीरे-धीरे उनके दिल में घमंड पैदा होने लगता है और वे यह भूल जाते हैं कि यह सब अल्लाह तआला की दी हुई नेमतें हैं।
सूरह अल-कहफ़ हमें सिखाती है कि धन कमाना बुरा नहीं है, लेकिन धन पर घमंड करना और अल्लाह को भूल जाना बहुत बड़ा नुकसान है। एक मोमिन को चाहिए कि वह हर नेमत पर अल्लाह का शुक्र अदा करे, अपनी दौलत को उसकी अमानत समझे और उसका उपयोग सदक़ा, ज़रूरतमंदों की मदद तथा समाज की भलाई के कार्यों में करे। यही धन की असली बरकत और सही उपयोग है।
तीसरी परीक्षा : ज्ञान और बुद्धि का इम्तेहान:
हज़रत मूसा और हज़रत ख़िज़्र अलैहिमस्सलाम का वाक़िया
सूरह अल-कहफ़ का तीसरा महत्वपूर्ण भाग ज्ञान और बुद्धि से जुड़ी परीक्षा को उजागर करता है। ज्ञान निःसंदेह अल्लाह तआला की बहुत बड़ी नेमत है। यह इंसान को सही और गलत में अंतर करना सिखाता है तथा जीवन को बेहतर दिशा प्रदान करता है। लेकिन जब ज्ञान के साथ विनम्रता, संयम और अल्लाह का भय न हो, तो यही ज्ञान घमंड और अहंकार का कारण भी बन सकता है।
अल्लाह तआला हज़रत ख़िज़्र अलैहिस्सलाम के बारे में इरशाद फ़रमाता है:
وَعَلَّمْنَاهُ مِن لَّدُنَّا عِلْمًا
“और हमने उसे अपनी ओर से विशेष ज्ञान प्रदान किया था।” (सूरह अल-कहफ़ : 65)
इस घटना में हज़रत मूसा अलैहिस्सलाम, जो अल्लाह के महान पैग़म्बरों में से एक थे, ज्ञान प्राप्त करने के लिए लंबा सफ़र करते हैं और हज़रत ख़िज़्र अलैहिस्सलाम के साथ रहते हैं। इस दौरान उन्हें ऐसे कई घटनाक्रम दिखाई देते हैं जिन्हें वे तत्काल समझ नहीं पाते। बाद में हज़रत ख़िज़्र अलैहिस्सलाम बताते हैं कि अल्लाह की हिकमत और उसका ज्ञान इंसानी समझ से कहीं अधिक व्यापक है।
यह घटना हमें सिखाता है कि चाहे इंसान कितना भी ज्ञानी, शिक्षित या अनुभवी क्यों न हो, उसका ज्ञान सीमित होता है। सम्पूर्ण ज्ञान केवल अल्लाह तआला के पास है। इसलिए एक सच्चे विद्वान की पहचान घमंड नहीं, बल्कि विनम्रता, सीखने की इच्छा और सत्य को स्वीकार करने की क्षमता होती है।
आज का युग शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और जानकारी का युग है। इंसान ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन इसके साथ-साथ ज्ञान का अहंकार भी बढ़ता जा रहा है। बहुत से लोग थोड़ी शिक्षा, डिग्री या विशेषज्ञता प्राप्त करके यह समझने लगते हैं कि उन्हें किसी की सलाह या मार्गदर्शन की आवश्यकता नहीं है।
सूरह अल-कहफ़ हमें सिखाती है कि सच्चा ज्ञान वही है जो इंसान को विनम्र बनाए, उसके अंदर अल्लाह तआला की महानता का एहसास पैदा करे और उसे सत्य की तलाश में आगे बढ़ाए। ज्ञान का उद्देश्य केवल जानकारी बढ़ाना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, आत्म-सुधार और अल्लाह तआला के और अधिक निकट होना है।
हज़रत मूसा और हज़रत ख़िज़्र अलैहिमस्सलाम का यह विषय हमें याद दिलाता है कि सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। जो व्यक्ति जितना अधिक ज्ञान प्राप्त करता है, उसे उतना ही अधिक विनम्र और शुक्रगुजार होना चाहिए। यही सच्चे ज्ञान की पहचान है और यही इस घटना का सबसे बड़ा संदेश है।
चौथी परीक्षा : शक्ति, पद और अधिकार
ज़ुलक़रनैन का आदर्श नेतृत्व (Ideal Leadership):
सूरह अल-कहफ़ का चौथा महत्वपूर्ण विषय शक्ति, नेतृत्व और अधिकार की परीक्षा से जुड़ा हुआ है। इतिहास में ऐसे अनेक लोग हुए हैं जिन्हें सत्ता, पद और प्रभाव मिला, लेकिन उनमें से बहुत से लोग घमंड, अत्याचार और स्वार्थ का शिकार हो गए। सूरह अल-कहफ़ हमें ज़ुलक़रनैन का ऐसा आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करती है, जिन्होंने शक्ति मिलने के बावजूद विनम्रता, न्याय और सेवा का रास्ता अपनाया।
अल्लाह तआला ने ज़ुलक़रनैन को व्यापक राज्य, मजबूत साधन और लोगों पर प्रभाव प्रदान किया था। वे चाहते तो अपनी शक्ति का उपयोग केवल अपने लाभ और बोलबाला के लिए कर सकते थे, लेकिन उन्होंने अपनी ताक़त को लोगों की भलाई, सुरक्षा और कल्याण के लिए इस्तेमाल किया। वे जहाँ भी गए, न्याय स्थापित किया और कमज़ोर लोगों की सहायता की।
जब लोगों ने याजूज-माजूज के अत्याचार से बचाने की गुहार लगाई, तो ज़ुलक़रनैन ने उनकी मदद की और एक मजबूत दीवार का निर्माण कराया। लेकिन इस महान कार्य के बाद भी उन्होंने घमंड नहीं किया और न ही इसकी सफलता का श्रेय स्वयं को दिया। बल्कि उन्होंने विनम्रता के साथ कहा:
هَذَا رَحْمَةٌ مِّن رَّبِّي
“यह मेरे रब की रहमत है।” (सूरह अल-कहफ़ : 98)
यह एक सच्चे नेता की पहचान है कि वह अपनी सफलता को केवल अपनी योग्यता का परिणाम न समझे, बल्कि उसे अल्लाह तआला की कृपा और सहायता माने। ज़ुलक़रनैन का चरित्र हमें सिखाता है कि शक्ति का असली उद्देश्य लोगों की सेवा करना है, न कि उन पर घमंड करना।
आज शक्ति केवल राजाओं, शासकों या बड़े नेताओं तक सीमित नहीं है। माता-पिता को अपने बच्चों पर अधिकार प्राप्त है, शिक्षकों को विद्यार्थियों पर प्रभाव प्राप्त है, अधिकारियों को अपने अधीन काम करने वालों पर अधिकार है, और सोशल मीडिया के इस दौर में अनेक लोगों के पास विचारों को प्रभावित करने की शक्ति है।
सूरह अल-कहफ़ हमें सिखाती है कि अधिकार और पद एक जिम्मेदारी हैं, केवल सम्मान या विशेषाधिकार नहीं। जिस व्यक्ति को जितनी अधिक शक्ति और प्रभाव मिला है, उससे उतनी ही अधिक जवाबदेही की अपेक्षा की जाती है।
ज़ुलक़रनैन का वाक़िआ हमें यह शिक्षा देता है कि शक्ति का उपयोग न्याय, सेवा, करुणा और समाज की भलाई के लिए होना चाहिए। सच्चा नेतृत्व वही है जो लोगों की समस्याओं को समझे, उनकी सहायता करे और सफलता मिलने पर घमंड के बजाय विनम्रता अपनाए। यही इस्लाम की नेतृत्व संबंधी शिक्षा है और यही इस घटना का सबसे बड़ा संदेश है।
दज्जाल के फ़ितने (Temptations) से सुरक्षा और सूरह अल-कहफ़:
सूरह अल-कहफ़ की एक विशेष फ़ज़ीलत यह है कि यह मोमिन को दज्जाल के महान फ़ितने से बचाने का ज़रिया बनती है। दज्जाल का फ़ितना क़ियामत से पहले आने वाले सबसे बड़े फ़ितनों में से एक होगा। वह लोगों के ईमान, उनके विश्वास, उनकी सोच और उनके धैर्य की परीक्षा लेगा। इसलिए रसूलुल्लाह ﷺ ने अपनी उम्मत को बार-बार इस फ़ितने से बचने की तालीम दी है।
रसूलुल्लाह ﷺ ने इरशाद फ़रमाया:
مَنْ حَفِظَ عَشْرَ آيَاتٍ مِنْ أَوَّلِ سُورَةِ الْكَهْفِ عُصِمَ مِنَ الدَّجَّالِ
“जो व्यक्ति सूरह अल-कहफ़ की शुरुआती दस आयतें याद कर ले, वह दज्जाल के फ़ितने से सुरक्षित रहेगा।” (सहीह मुस्लिम)
एक दूसरी रिवायत में रसूलुल्लाह ﷺ ने फ़रमाया:
مَنْ قَرَأَ الْعَشْرَ الْأَوَاخِرَ مِنْ سُورَةِ الْكَهْفِ عُصِمَ مِنْ فِتْنَةِ الدَّجَّالِ
“जो व्यक्ति सूरह अल-कहफ़ की आख़िरी दस आयतें पढ़ेगा, वह दज्जाल के फ़ितने से सुरक्षित रहेगा।” (सहीह मुस्लिम)
इसी तरह रसूलुल्लाह ﷺ ने जुमे के दिन सूरह अल-कहफ़ की तिलावत की भी विशेष फ़ज़ीलत बयान फ़रमाई:
مَنْ قَرَأَ سُورَةَ الْكَهْفِ فِي يَوْمِ الْجُمُعَةِ أَضَاءَ لَهُ مِنَ النُّورِ مَا بَيْنَ الْجُمُعَتَيْنِ
“जो व्यक्ति जुमे के दिन सूरह अल-कहफ़ की तिलावत करता है, उसके लिए एक जुमे से दूसरे जुमे तक नूर पैदा कर दिया जाता है।” (السنن الكبرى للبيهقي)
उलमा ने लिखा है कि सूरह अल-कहफ़ और दज्जाल के फ़ितने के बीच गहरा संबंध है। इमाम नववी रहमतुल्लाह अलैह फ़रमाते हैं कि इस सूरह की शुरुआती आयतों में अल्लाह तआला की महानता, तौहीद और ईमान की ऐसी शिक्षाएँ हैं जो इंसान को दज्जाल के धोखे और गुमराही से बचाती हैं।
अगर सूरह अल-कहफ़ के पूरे संदेश पर गौर किया जाए, तो पता चलता है कि इसमें चार बड़े फ़ितनों का ज़िक्र है— ईमान का फ़ितना, धन का फ़ितना, ज्ञान का फ़ितना और शक्ति का फ़ितना। यही चारों चीज़ें दज्जाल के फ़ितने में भी प्रमुख रूप से मौजूद होंगी। वह लोगों को धन का लालच देगा, असाधारण शक्तियाँ दिखाएगा, लोगों की समझ को भ्रमित करेगा और उनके ईमान को कमज़ोर करने की कोशिश करेगा।
इसीलिए सूरह अल-कहफ़ केवल एक सूरह नहीं, बल्कि मोमिन के लिए एक रूहानी सुरक्षा-कवच है। यह उसे सिखाती है कि ईमान की हिफ़ाज़त कैसे की जाए, धन के घमंड से कैसे बचा जाए, ज्ञान के साथ विनम्रता कैसे रखी जाए और शक्ति का सही उपयोग कैसे किया जाए।
आज के दौर में भी, जब फ़ितने और गुमराह करने वाली चीज़ें हर तरफ़ फैली हुई हैं, सूरह अल-कहफ़ की तिलावत, उसका अध्ययन और उसके संदेश पर अमल करना पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। यही वजह है कि रसूलुल्लाह ﷺ ने अपनी उम्मत को इस सूरह से विशेष लगाव रखने और नियमित रूप से इसकी तिलावत करने की तालीम दी है।
निष्कर्ष ( Conclusion):
सूरह अल-कहफ़ केवल एक ऐतिहासिक सूरह नहीं, बल्कि हर दौर के इंसान के लिए मार्गदर्शन (Guidance), चेतावनी और प्रेरणा का स्रोत है। यह सूरह हमें बताती है कि जीवन की असली सफलता धन, पद, प्रसिद्धि और शक्ति में नहीं, बल्कि मज़बूत ईमान, विनम्रता, कृतज्ञता, न्याय और अल्लाह तआला की फ़रमाबरदारी में है।
असहाब-ए-कहफ़ का वाक़िआ हमें सिखाता है कि ईमान की हिफ़ाज़त हर चीज़ से बढ़कर है। दो बाग़ वालों की घटना यह संदेश देती है कि धन और संपत्ति पर घमंड इंसान को विनाश की ओर ले जा सकता है। हज़रत मूसा और हज़रत ख़िज़्र अलैहिमस्सलाम का प्रसंग बताता है कि सच्चा ज्ञान वही है जो इंसान के भीतर विनम्रता और सीखने की भावना पैदा करे। वहीं ज़ुलक़रनैन का आदर्श नेतृत्व हमें यह शिक्षा देता है कि शक्ति और अधिकार का उपयोग लोगों की भलाई, न्याय और सेवा के लिए होना चाहिए।
अल्लाह तआला इरशाद फ़रमाता है:
وَالْعَصْرِ إِنَّ الْإِنسَانَ لَفِي خُسْرٍ إِلَّا الَّذِينَ آمَنُوا وَعَمِلُوا الصَّالِحَاتِ وَتَوَاصَوْا بِالْحَقِّ وَتَوَاصَوْا بِالصَّبْرِ
“समय की क़सम! निश्चय ही इंसान घाटे में है, सिवाय उन लोगों के जो ईमान लाए, अच्छे कर्म किए, सत्य की नसीहत करते रहे और सब्र की ताकीद करते रहे।” (सूरह अल-असर : 1-3)
दरअसल, सूरह अल-कहफ़ का पूरा संदेश भी इसी आयत की व्याख्या प्रतीत होता है। यह सूरह मोमिन को सिखाती है कि वह ईमान पर मज़बूती से क़ायम रहे, दुनियावी आकर्षणों से धोखा न खाए, ज्ञान के साथ विनम्रता अपनाए और अपनी शक्ति का उपयोग भलाई के लिए करे।
यदि कोई मुसलमान सूरह अल-कहफ़ के इन संदेशों को समझकर अपनी ज़िंदगी में उतार ले, तो वह न केवल दज्जाल जैसे बड़े फ़ितनों से बच सकता है, बल्कि दुनिया और आख़िरत दोनों में सफलता प्राप्त कर सकता है। यही सूरह अल-कहफ़ का केंद्रीय संदेश और उसका स्थायी मार्गदर्शन है।
संदर्भ (References):
- सूरह अल-कहफ़
- सूरह अल-असर
- सहीह मुस्लिम
- अस-सुननुल कुबरा लिल बैहक़ी
- तफ़्सीर इब्न कसीर
- तफ़्सीर अल-क़ुर्तुबी
लेखक:
रेहान आलम, बारहवीं कक्षा, कुर्तुबा लीडर्स अकैडमी, किशनगंज, बिहार
Disclaimer
The views expressed in this article are the author’s own and do not necessarily mirror Islamonweb’s editorial stance.
Leave A Comment