तसव्वुफ़ : दिल की पाकीज़गी और अल्लाह की क़ुर्बत का सफ़र

प्रस्तावना (Introduction):

इस्लाम एक मुकम्मल जीवन-पद्धति है, जो इंसान की ज़िंदगी के हर पहलू में सही मार्गदर्शन प्रदान करती है। यह केवल इबादतों, रस्मों और बाहरी अमल तक सीमित नहीं है, बल्कि इंसान के दिल, नीयत, अख़लाक़ (चरित्र) और पूरे जीवन को संवारने वाला दीन है। जिस तरह नमाज़, रोज़ा, ज़कात और हज बाहरी इबादतों को मज़बूत करते हैं, उसी तरह दिल की सफ़ाई, नफ़्स का सुधार, अल्लाह तआला की मोहब्बत और उसकी याद में जीवन बिताना इस्लाम का रूहानी (आध्यात्मिक) पहलू है। इसी रूहानी तरबियत (प्रशिक्षण), तज़किया-ए-नफ़्स (आत्मशुद्धि) और इस्लाह-ए-क़ल्ब (दिल का सुधार) को "तसव्वुफ़" (Mysticism) कहा जाता है।

आज इंसान विज्ञान, तकनीक और आधुनिक सुविधाओं के कारण भौतिक (Material) रूप से बहुत आगे बढ़ चुका है, लेकिन इसके साथ ही उसके दिल से सुकून, सब्र, मोहब्बत और अल्लाह तआला की याद कम होती जा रही है। लालच, घमंड, ईर्ष्या, दिखावा और दुनियावी दौड़ ने इंसान को अंदर से बेचैन कर दिया है। ऐसे समय में तसव्वुफ़ हमें याद दिलाता है कि असली कामयाबी धन, पद और प्रसिद्धि में नहीं, बल्कि अल्लाह तआला की रज़ा, दिल की पाकीज़गी और नेक अख़लाक़ में है।

अल्लाह तआला क़ुरआन मजीद में इरशाद फ़रमाता है:

قَدْ أَفْلَحَ مَن زَكَّاهَا ۝ وَقَدْ خَابَ مَن دَسَّاهَا
निश्चय ही वह सफल हो गया जिसने अपने नफ़्स को पाक बना लिया और वह असफल हो गया जिसने उसे बुराइयों में दबा दिया। (सूरह अश-शम्स : 9–10)

यह आयत हमें बताती है कि इंसान की असली सफलता केवल दुनियावी उपलब्धियों में नहीं, बल्कि अपने दिल और नफ़्स को पाक बनाने में है। यही तसव्वुफ़ का मूल उद्देश्य भी है।

रसूलुल्लाह ﷺ ने इरशाद फ़रमाया:

« أَلَا وَإِنَّ فِي الْجَسَدِ مُضْغَةً، إِذَا صَلَحَتْ صَلَحَ الْجَسَدُ كُلُّهُ، وَإِذَا فَسَدَتْ فَسَدَ الْجَسَدُ كُلُّهُ، أَلَا وَهِيَ الْقَلْبُ »
“सुन लो! शरीर में एक मांस का टुकड़ा है। यदि वह सही हो जाए तो पूरा शरीर सही हो जाता है और यदि वह बिगड़ जाए तो पूरा शरीर बिगड़ जाता है। याद रखो, वह दिल है।” (सहीह बुख़ारी, सहीह मुस्लिम)

इस हदीस से स्पष्ट होता है कि इंसान के सभी अमलों की बुनियाद उसका दिल है। यदि दिल ईमान, तक़वा और इख़्लास से भरा होगा, तो उसके कर्म भी नेक होंगे। इसलिए तसव्वुफ़ का मुख्य उद्देश्य दिल को अल्लाह तआला की याद से ज़िंदा करना, नफ़्स का सुधार करना और इंसान को अच्छे अख़लाक़ वाला बनाना है।

तसव्वुफ़ का परिचय और उसकी अहमियत

"तसव्वुफ़" शब्द सुनते ही बहुत से लोगों के मन में अलग-अलग धारणाएँ आती हैं। कोई इसे केवल सूफ़ी संतों की परंपरा समझता है, कोई केवल ख़ानक़ाहों और ज़िक्र की महफ़िलों से जोड़ता है, तो कोई इसे दुनिया से अलग रहने का तरीका मानता है। लेकिन वास्तविकता यह है कि तसव्वुफ़ इन सबसे कहीं अधिक व्यापक और गहरा विषय है।

सरल शब्दों में कहा जाए तो तसव्वुफ़ वह रूहानी शिक्षा है, जो इंसान के दिल को अल्लाह तआला की मोहब्बत से भरती है, नफ़्स को बुराइयों से पाक करती है और उसके अख़लाक़ को क़ुरआन और सुन्नत के अनुसार संवारती है। इसका उद्देश्य कोई नया दीन या नई इबादत बताना नहीं, बल्कि इस्लाम की उसी शिक्षा को दिल की गहराई तक पहुँचाना है, जिसे क़ुरआन मजीद और रसूलुल्लाह ﷺ ने सिखाया है। यह इंसान को सिखाता है कि उसका हर अमल केवल अल्लाह तआला की रज़ा के लिए हो।

तसव्वुफ़ और अच्छे अख़लाक़

प्रसिद्ध सूफ़ी विद्वान हज़रत जुनैद बग़दादी रहमतुल्लाहि अलैहि फ़रमाते हैं:

التَّصَوُّفُ أنْ يُخْرِجَكَ اللهُ تعالى مِنْ سَيِّئِ أخْلاقِكَ وعاداتِكَ، ويُزيِّنَكَ بحُسنِ الأخْلاقِ.

"तसव्वुफ़ यह है कि अल्लाह तआला तुम्हें तुम्हारी बुरी आदतों से निकालकर अच्छे अख़लाक़ से सजा दे।"

यह कथन बताता है कि तसव्वुफ़ केवल ज़िक्र, वज़ीफ़ों या इबादतों का नाम नहीं है, बल्कि इंसान के पूरे चरित्र और व्यवहार को बेहतर बनाने का माध्यम है। यदि किसी की इबादत तो अच्छी हो, लेकिन उसका व्यवहार लोगों के साथ अच्छा न हो, तो उसने तसव्वुफ़ की वास्तविक रूह को नहीं समझा।

इसी तरह इमाम ग़ज़ाली रहमतुल्लाहि अलैहि अपनी प्रसिद्ध पुस्तक 'इह्या उलूमुद्दीन' में लिखते हैं:

"दिल इंसान का बादशाह है। यदि दिल सही हो जाए तो पूरी ज़िंदगी सही हो जाती है, और यदि दिल बिगड़ जाए तो सभी अमल प्रभावित हो जाते हैं।"

इसलिए तसव्वुफ़ का सबसे पहला काम इंसान के दिल की इस्लाह (सुधार) करना है।

नीयत की पाकीज़गी : तसव्वुफ़ की बुनियाद

इस्लाम में हर अमल की बुनियाद नीयत पर रखी गई है। रसूलुल्लाह ﷺ ने इरशाद फ़रमाया:

إِنَّمَا الْأَعْمَالُ بِالنِّيَّاتِ، وَإِنَّمَا لِكُلِّ امْرِئٍ مَا نَوَى
हर अमल का आधार नीयत है, और हर इंसान को वही मिलेगा जिसकी उसने नीयत की होगी।(सहीह बुख़ारी)

यह हदीस तसव्वुफ़ की बुनियाद है। तसव्वुफ़ इंसान की नीयत को साफ़ करता है और उसे सिखाता है कि इबादत, इल्म हासिल करना, लोगों की मदद करना, सेवा करना और हर नेक काम केवल अल्लाह तआला की रज़ा के लिए होना चाहिए, न कि लोगों की तारीफ़ या शोहरत पाने के लिए।

तसव्वुफ़ और मक़ाम--इहसान

तसव्वुफ़ का सबसे ऊँचा दर्जा इहसान है। जब जिब्रील अलैहिस्सलाम ने रसूलुल्लाह ﷺ से इहसान के बारे में पूछा, तो आपने फ़रमाया:

أَنْ تَعْبُدَ اللَّهَ كَأَنَّكَ تَرَاهُ، فَإِنْ لَمْ تَكُنْ تَرَاهُ فَإِنَّهُ يَرَاكَ
“इहसान यह है कि तुम अल्लाह की इबादत इस तरह करो जैसे तुम उसे देख रहे हो। यदि यह भावना न हो, तो कम से कम यह यक़ीन रखो कि वह तुम्हें देख रहा है।”(सहीह बुख़ारी)

यही तसव्वुफ़ की वास्तविक रूह है। जब इंसान को हर समय यह एहसास रहता है कि अल्लाह तआला उसे देख रहा है, तो वह गुनाहों से बचता है, उसके अंदर तक़वा पैदा होता है और उसके अख़लाक़ में विनम्रता, सच्चाई और इख़्लास आ जाता है।

तक़वा और दिल की पाकीज़गी

अल्लाह तआला इरशाद फ़रमाता है:

إِنَّ أَكْرَمَكُمْ عِندَ اللَّهِ أَتْقَاكُمْ
निश्चय ही अल्लाह के निकट तुममें सबसे अधिक सम्मान वाला वही है जो सबसे अधिक तक़वा रखने वाला है।(सूरह अल-हुजुरात : 13)

यह आयत बताती है कि अल्लाह तआला के यहाँ इंसान की महानता उसके धन, परिवार, जाति या पद से नहीं, बल्कि उसके तक़वा, दिल की पाकीज़गी और अच्छे किरदार से होती है। यही तसव्वुफ़ का मूल संदेश है।

तसव्वुफ़ की व्यावहारिक (practical) अहमियत

तसव्वुफ़ केवल कुछ विशेष लोगों के लिए नहीं, बल्कि हर मुसलमान के लिए ज़रूरी है। यह हमें सिखाता है कि नमाज़ केवल शरीर से नहीं, बल्कि दिल से पढ़ी जाए; रोज़ा केवल भूखा रहने का नाम न हो, बल्कि गुनाहों से बचने का ज़रिया बने; ज़कात केवल धन देना न हो, बल्कि दिल को लालच से पाक करे; और हज केवल एक यात्रा न रहे, बल्कि पूरी ज़िंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बने।

इसीलिए तसव्वुफ़ की वास्तविक पहचान दिल की इस्लाह, नफ़्स की तरबियत, अल्लाह तआला की मोहब्बत, अच्छे अख़लाक़ और इंसानियत की ख़िदमत है। यही वह रास्ता है जो इंसान को अल्लाह तआला के क़रीब ले जाता है और उसकी दुनिया तथा आख़िरत दोनों को संवार देता है।

तज़किया--नफ़्स : दिल और नफ़्स की पाकीज़गी

तसव्वुफ़ का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य इंसान के दिल और नफ़्स की इस्लाह (सुधार) करना है, जिसे तज़किया-ए-नफ़्स कहा जाता है। इसका अर्थ है अपने दिल को गुनाहों, बुरी आदतों और बुरे अख़लाक़ से पाक करके उसे अल्लाह तआला की याद, तक़वा और इख़्लास से भर देना। तसव्वुफ़ के अनुसार इंसान का सबसे बड़ा संघर्ष किसी दूसरे से नहीं, बल्कि अपने नफ़्स से होता है। जो व्यक्ति अपने नफ़्स पर काबू पा लेता है, वही वास्तविक सफलता प्राप्त करता है।

अल्लाह तआला इरशाद फ़रमाता है:

وَأَمَّا مَنْ خَافَ مَقَامَ رَبِّهِ وَنَهَى النَّفْسَ عَنِ الْهَوَىٰ  فَإِنَّ الْجَنَّةَ هِيَ الْمَأْوَىٰ
जो अपने रब के सामने खड़े होने से डरता रहा और अपने नफ़्स को बुरी इच्छाओं से रोकता रहा, उसके लिए जन्नत ही ठिकाना है।(सूरह अन-नाज़िआत : 40–41)

यह आयत बताती है कि नफ़्स पर नियंत्रण (Control) और अल्लाह का डर ही इंसान की वास्तविक कामयाबी का रास्ता है।

दिल की इस्लाह और रूहानी सफ़ाई

तसव्वुफ़ के अनुसार दिल इंसान की रूहानी ज़िंदगी का केंद्र (Center) है। जब दिल अल्लाह तआला की याद से रोशन होता है, तो इंसान के विचार, व्यवहार और अमल भी नेक बन जाते हैं। लेकिन यदि दिल गुनाह, लालच, नफ़रत और घमंड से भर जाए, तो उसकी इबादतों का असर भी कम हो जाता है। इसलिए सूफ़िया-ए-किराम दिल की सफ़ाई को सबसे पहली मंज़िल मानते हैं।

अल्लाह तआला इरशाद फ़रमाता है:

الَّذِينَ آمَنُوا وَتَطْمَئِنُّ قُلُوبُهُم بِذِكْرِ اللَّهِ ۗ أَلَا بِذِكْرِ اللَّهِ تَطْمَئِنُّ الْقُلُوبُ

 “जो ईमान लाए, उनके दिल अल्लाह की याद से सुकून पाते हैं। सुन लो! दिलों को सच्चा सुकून केवल अल्लाह की याद से ही मिलता है।(सूरह अर-रअद : 28)

नफ़्स की बीमारियाँ और उनका इलाज

सूफ़िया-ए-किराम ने बताया है कि नफ़्स की सबसे बड़ी बीमारियाँ हैं—तकब्बुर (घमंड), हसद (ईर्ष्या), रिया (दिखावा), बुग़्ज़ (नफ़रत), लालच और दुनिया की बे-हद मोहब्बत। तसव्वुफ़ इन बुराइयों को दूर करके इंसान के अंदर सब्र, शुक्र, विनम्रता, रहमदिली और इख़्लास पैदा करता है।

रसूलुल्लाह ने इरशाद फ़रमाया:

« الْمُجَاهِدُ مَنْ جَاهَدَ نَفْسَهُ فِي طَاعَةِ اللَّهِ »
वास्तविक मुजाहिद (संघर्ष करने वाला) वह है, जो अल्लाह की फ़रमाबरदारी के लिए अपने नफ़्स से संघर्ष करे।(जामे तिर्मिज़ी)

यह हदीस बताती है कि सबसे बड़ा संघर्ष (conflict) अपने नफ़्स को अल्लाह की आज्ञा का पालन करने के लिए तैयार करना है।

तौबा, मुहासबा और रूहानी तरक़्क़ी

तज़किया-ए-नफ़्स का सफ़र सच्ची तौबा, इस्तिग़फ़ार और रोज़ाना आत्म-परीक्षण (self-introspection) से आगे बढ़ता है। एक मोमिन को हर दिन अपने अमलों का जायज़ा लेना चाहिए कि उसने क्या अच्छा किया और कहाँ सुधार की ज़रूरत है।

अल्लाह तआला इरशाद फ़रमाता है:

يَا أَيُّهَا الَّذِينَ آمَنُوا اتَّقُوا اللَّهَ وَلْتَنظُرْ نَفْسٌ مَّا قَدَّمَتْ لِغَدٍ
ईमान वालो! अल्लाह से डरते रहो और हर व्यक्ति यह देखे कि उसने आने वाले कल (आख़िरत) के लिए क्या भेजा (किया) है।(सूरह अल-हश्र : 18)

इमाम अब्दुल क़ादिर जीलानी रहमतुल्लाहि अलैहि फ़रमाते हैं:

مَن أصلحَ نفسَه، نوَّرَ اللهُ تعالى قَلبَه بِنُورِهِ.

"जो अपने नफ़्स की इस्लाह कर लेता है, अल्लाह तआला उसके दिल को अपने नूर से रोशन कर देता है।"

इस प्रकार तसव्वुफ़ इंसान को केवल इबादत करना ही नहीं सिखाता, बल्कि अपने दिल की निगरानी करना, नफ़्स का सुधार करना और हर दिन अपने अख़लाक़ को बेहतर बनाना भी सिखाता है। यही तज़किया-ए-नफ़्स का वास्तविक उद्देश्य है।

ज़िक्र--इलाही और क़ुर्ब--इलाही

तसव्वुफ़ में ज़िक्र-ए-इलाही को रूह की ग़िज़ा (आध्यात्मिक आहार) और दिल की ज़िंदगी कहा गया है। ज़िक्र केवल ज़ुबान से अल्लाह का नाम लेने का नाम नहीं, बल्कि हर हाल में अपने दिल को अल्लाह तआला की याद से जोड़े रखना है। जब इंसान सच्चे दिल से अपने रब को याद करता है, तो उसका दिल सुकून पाता है, ईमान मज़बूत होता है और उसके अंदर तक़वा तथा इख़्लास पैदा होता है।

अल्लाह तआला इरशाद फ़रमाता है:

يَا أَيُّهَا الَّذِينَ آمَنُوا اذْكُرُوا اللَّهَ ذِكْرًا كَثِيرًا ۝ وَسَبِّحُوهُ بُكْرَةً وَأَصِيلًا

 “ईमान वालो! अल्लाह को खूब याद करो और सुबह-शाम उसकी तस्बीह करते रहो।(सूरह अल-अहज़ाब : 41–42)

सूफ़िया-ए-किराम के अनुसार ज़िक्र इंसान के दिल को ग़फ़लत (लापरवाही) से निकालकर अल्लाह तआला की तरफ़ मोड़ देता है। यही तसव्वुफ़ की सबसे बड़ी मंज़िलों में से एक है।

ज़िक्र के विभिन्न दर्जे

सूफ़िया-ए-किराम ने ज़िक्र के कई दर्जे बताए हैं। पहला है ज़िक्र-ए-लिसानी, जिसमें इंसान ज़ुबान से अल्लाह का ज़िक्र करता है। दूसरा है ज़िक्र-ए-क़ल्बी, जिसमें दिल हर समय अल्लाह की याद से जुड़ा रहता है। सबसे ऊँचा दर्जा ज़िक्र-ए-हक़ीक़ी है, जहाँ इंसान अपने हर काम में अल्लाह की मौजूदगी और निगरानी का एहसास रखता है।

अल्लाह तआला इरशाद फ़रमाता है:

الَّذِينَ يَذْكُرُونَ اللَّهَ قِيَامًا وَقُعُودًا وَعَلَىٰ جُنُوبِهِمْ
जो लोग खड़े, बैठे और अपनी करवटों पर भी अल्लाह को याद करते रहते हैं।(सूरह आले इमरान : 191)

यह आयत बताती है कि एक मोमिन की ज़िंदगी का हर पल अल्लाह की याद से जुड़ा होना चाहिए।

औलिया--किराम की तालीमात

हज़रत जुनैद बग़दादी रहमतुल्लाहि अलैहि फ़रमाते हैं:

الذِّكرُ هو الطريقُ الذي يُوصِلُ العبدَ إلى ربِّهِ.

"ज़िक्र वह रास्ता है जो बंदे को उसके रब तक पहुँचा देता है।"

इमाम इब्न अता-अल्लाह अस्सिकंदरी रहमतुल्लाहि अलैहि अपनी प्रसिद्ध पुस्तक 'अल-हिकम' में फ़रमाते हैं:

"ज़िक्र को इसलिए न छोड़ो कि उसमें दिल पूरी तरह हाज़िर नहीं होता, क्योंकि ग़फ़लत के साथ किया गया ज़िक्र भी, ज़िक्र को छोड़ देने से बेहतर है।"

शैख़ अब्दुल क़ादिर जीलानी रहमतुल्लाहि अलैहि फ़रमाते हैं:

"जब दिल अल्लाह की याद में लग जाता है, तो दुनिया की मोहब्बत अपने आप कम होने लगती है।"

निष्कर्ष (Conclusion):

तसव्वुफ़ की पूरी रूह दो महत्वपूर्ण उसूलों पर आधारित है एक तज़किया-ए-नफ़्स और दूसरा ज़िक्र-ए-इलाही। तज़किया इंसान के दिल को गुनाहों और बुरी आदतों से पाक करता है, जबकि ज़िक्र उसे ईमान, सुकून और अल्लाह तआला की मोहब्बत से ज़िंदा रखता है। जब एक मोमिन इन दोनों को अपनी ज़िंदगी का हिस्सा बना लेता है, तो उसके अख़लाक़ बेहतर होते हैं, इबादतों में इख़्लास आता है और वह अल्लाह तआला की क़ुर्बत हासिल करने के रास्ते पर चल पड़ता है। यही तसव्वुफ़ का वास्तविक उद्देश्य और उसकी सबसे बड़ी शिक्षा है।

तसव्वुफ़ का मतलब अपने दिल को घमंड, लालच और बुरी ख़्वाहिशों से साफ़ करना है। जब इंसान अपने नफ़्स पर काबू पाकर अल्लाह की फ़रमाँबरदारी करता है, तो अल्लाह उसके दिल को अपनी याद, मोहब्बत और सुकून से भर देता है। यही असली रूहानी ज़िंदगी है।

संदर्भ (References):

  • सूरह अश-शम्स : 9–10)
  • सूरह अल-हुजुरात : 13
  • सूरह अन-नाज़िआत : 40–41
  • सूरह अर-रअद : 28
  • सूरह अल-हश्र : 18
  • सूरह अल-अहज़ाब : 41–42
  • सूरह आले इमरान : 191
  • सहीह मुस्लिम
  • सहीह बुख़ारी
  • हज़रत जुनैद बग़दादी रहमतुल्लाहि अलैहि का क़ौल
  • इमाम ग़ज़ाली रहमतुल्लाहि अलैहि का क़ौल

 

लेखक:

रेहान आलम, बारहवीं कक्षा, कुर्तुबा लीडर्स अकैडमी, किशनगंज, बिहार

Disclaimer

The views expressed in this article are the author’s own and do not necessarily mirror Islamonweb’s editorial stance.

Leave A Comment

Related Posts