हलाल की बरकत और हराम की बुराई
परिचय:
इस्लाम एक मुकम्मल धर्म है, जो इंसान की ज़िन्दगी के हर पहलू को सही रास्ता दिखाता है। इसमें सिर्फ़ इबादत ही नहीं, बल्कि खाने-पीने, कमाने, खर्च करने और पूरे लाइफ़स्टाइल तक की रहनुमाई (मार्गदर्शन) दी गई है। इसी में एक बहुत अहम मसला है — हलाल और हराम का।
हलाल का मतलब है वह चीज़ जो अल्लाह ने जायज़ (allowed) की है, और हराम का मतलब है वह चीज़ जिसे अल्लाह ने मना (forbidden) किया है। यह सिर्फ़ खाने-पीने तक सीमित नहीं है, बल्कि इंसान की कमाई, उसका व्यापार, उसके रिश्ते और संबंध, यहाँ तक कि उसकी सोच और विचार तक फैला हुआ है।
अल्लाह तआला कुरआन में इरशाद फरमाता है:
يَا أَيُّهَا النَّاسُ كُلُوا مِمَّا فِي الْأَرْضِ حَلَالًا طَيِّبًا
“ऐ लोगो! ज़मीन में जो कुछ है उसमें से हलाल और पाक (शुद्ध) चीज़ें खाओ।” (البقرة: 168)
इस आयत में सिर्फ़ खाने का आदेश नहीं दिया गया, बल्कि यह भी बताया गया कि वह हलाल और पाक (pure) होना चाहिए। यानी सिर्फ़ पेट भरना मकसद नहीं है, बल्कि सही और साफ़ तरीका अपनाना आवश्यक है।
आज के दौर(modern time) में इंसान बहुत आगे बढ़ गया है, टेक्नोलॉजी (technology), बिज़नेस, नौकरी—हर क्षेत्र में प्रगति हो रही है। लेकिन इसके साथ एक बड़ा मसला यह भी सामने आया है कि लोग हलाल और हराम का अंतर धीरे-धीरे भूलते जा रहे हैं। पैसा कमाना मकसद बन गया है, चाहे वह सही तरीके से आए या गलत तरीके से आए।
इसीलिए यह समझना बहुत ज़रूरी है कि हलाल की कमाई में कैसी बरकत होती है और हराम की कमाई इंसान की जीवन को किस तरह नुकसान, तबाही और विनाशकी तरफ ले जाती है।
हलाल कमाई की बरकत और उसके फायदे
हलाल कमाई सिर्फ़ एक आम कमाई नहीं होती, बल्कि यह अल्लाह की तरफ से एक बड़ी नेमत (आशीर्वाद) होती है। जब इंसान हलाल तरीके से कमाता है, तो उसमें बरकत होती है, चाहे वह कम ही क्यों न हो।
बरकत का मतलब यह नहीं कि सिर्फ़ पैसा ज्यादा हो जाए, बल्कि इसका मतलब है कि थोड़ा सा भी माल इंसान के लिए काफी हो जाए और उसमें सुकून और शांति मिले। यानी कम में भी दिल को आराम और संतुष्टि मिलता है।
हदीस शरीफ में हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम फरमाते हैं कि
إِنَّ اللَّهَ طَيِّبٌ لَا يَقْبَلُ إِلَّا طَيِّبًا
“अल्लाह “पाक” है और वह सिर्फ़ “पाक’’ चीज़ को ही स्वीकार करता है।” (सहीह मुस्लिम)
इसका मतलब यह है कि अगर इंसान की कमाई हलाल है, तो उसके अच्छे कर्म भी अल्लाह की दरबार में क़ुबूल होते हैं।
जब इंसान हलाल कमाता है तो उसका दिल साफ़ रहता है, उसकी सोच और विचार सकारात्मक (positive) होती है, वह दूसरों के लिए अच्छा सोचता है और उसके घर में सुकून और शांति और खुशी का वातावरण रहता है।
हलाल कमाई इंसान को सम्मान देती है। ऐसे इंसान पर लोग भरोसा करते हैं। और उसे एक नेक इंसान समझते हैं।
अगर कोई इंसान मेहनत और ईमानदारी से कमाता है, तो अल्लाह उसकी मेहनत को पसंद करता है और उसकी ज़िंदगी में सुविधा और बरकत अता फरमाता है।
हराम कमाई के नुकसान और उसकी बुराई
हराम कमाई बाहर से देखने में चाहे बहुत ज्यादा और चमकदार लगे, लेकिन असल में वह इंसान के लिए हानि ही लेकर आती है। यह सिर्फ़ धन बढ़ाने का ज़रिया नहीं, बल्कि कई छिपी हुई बुराइयों का कारण बनती है।
हराम कमाई का असर सिर्फ़ जेब पर नहीं, बल्कि हृदय, दिमाग और पूरी जीवन पर पड़ता है। धीरे-धीरे यह इंसान की सोच और किरदार को भी बदल देती है।
कुरआन में अल्लाह तआला इरशाद फरमाता है:
وَلَا تَأْكُلُوا أَمْوَالَكُمْ بَيْنَكُمْ بِالْبَاطِلِ
“आपस में एक-दूसरे का माल नाजायज़ (illegal) तरीके से मत खाओ।” (البقرة: 188)
हराम कमाई के कुछ बड़े नुकसान इस तरह हैं कि दिल का सख्त हो जाना – इंसान को सही-गलत का अंतर(difference) समझ नहीं आता, बरकत खत्म (समाप्त) हो जाना – पैसा ज्यादा होने के बावजूद शांति नहीं मिलता, गुनाहों (sins) की आदत पड़ जाना – एक बार हराम कमाने वाला बार-बार वही करता है और समाज पर बुरा असर – चोरी करना, धोखाधड़ी करना, रिश्वत (bribe) जैसी बुराइयाँ बढ़ती है।
हराम कमाई इंसान को अंदर से खोखला बना देती है। बाहर से वह खुश दिखता है, लेकिन अंदर से परेशान और बेचैन रहता है।
दुआ की क़ुबूलियत में हलाल और हराम का असर
इस्लाम में दुआ (supplication) बहुत अहम इबादत है। दुआ के ज़रिये इंसान सीधे अपने रब से बात करता है, अपनी ज़रूरतें बताता है और सहायता मांगता है। लेकिन हर दुआ का क़ुबूल होना जरूरी नहीं होता। इसकी क़ुबूलियत कुछ शर्तों (conditions) पर भी निर्भर करती है, और उनमें सबसे अहम चीज़ इंसान की कमाई का हलाल या हराम होना है।
अगर इंसान की कमाई हराम हो, तो उसकी दुआ की क़ुबूलियत में रुकावट (obstacle) पैदा हो जाती है। यानी वह जितनी भी दुआ करे, उसका असर कम हो जाता है, क्योंकि उसकी रोज़ी और रोज़गार शुद्ध नहीं होती।
हदीस शरीफ में आप मुहम्मद ﷺ इरशाद फ़रमाते हैं:
عَنْ أَبِي هُرَيْرَةَ رَضِيَ اللَّهُ عَنْهُ قَالَ: قَالَ رَسُولُ اللَّهِ ﷺ: إِنَّ اللَّهَ طَيِّبٌ لَا يَقْبَلُ إِلَّا طَيِّبًا… ثُمَّ ذَكَرَ الرَّجُلَ يُطِيلُ السَّفَرَ، أَشْعَثَ أَغْبَرَ، يَمُدُّ يَدَيْهِ إِلَى السَّمَاءِ: يَا رَبِّ! يَا رَبِّ! وَمَطْعَمُهُ حَرَامٌ، وَمَشْرَبُهُ حَرَامٌ، وَمَلْبَسُهُ حَرَامٌ، وَغُذِّيَ بِالْحَرَامِ، فَأَنَّى يُسْتَجَابُ لِذَٰلِكَ؟
हज़रत अबू हुरैरह रज़ियल्लाहु अन्हु से रिवायत है कि मुहम्मद ने ﷺ इरशाद फ़रमाया:
“अल्लाह पाक है और सिर्फ़ पाक चीज़ ही क़ुबूल करता है। फिर आपने एक ऐसे आदमी का ज़िक्र किया जो लंबा सफ़र करता है। उसके बाल बिखरे हुए हैं और वह धूल-मिट्टी से भरा हुआ है। वह आसमान की तरफ़ हाथ उठाकर कहता है: ‘या रब! या रब!’ लेकिन उसका खाना हराम है, उसका पीना हराम है, उसके कपड़े हराम हैं, और उसकी परवरिश भी हराम माल से हुई है, तो उसकी दुआ कैसे क़ुबूल होगी?” (सहीह मुस्लिम)
इस हदीस से यह बात बिल्कुल साफ़ हो जाती है कि दुआ की क़ुबूलियत सिर्फ़ शब्द पर नहीं, बल्कि इंसान की पूरी जीवन पर निर्भर करती है। अगर उसकी कमाई हलाल और जायज़ है, उसका खाना-पीना पाक है, तो उसकी दुआ के क़ुबूल होने के मौके अवसर बढ़ जाते हैं।
आधुनिक समय में बहुत से लोग शिकायत करते हैं कि “हम इतनी दुआ करते हैं, फिर भी हमारी दुआ क़ुबूल नहीं होती।” लेकिन वे यह नहीं सोचते कि उनकी कमाई, उनका खाना और उनका तरीका कितना सही है।
असल में, दुआ सिर्फ़ ज़ुबान से मांगने का नाम नहीं है, बल्कि यह एक पूरी ज़िंदगी को सही तरीके से जीने का हिस्सा है। जब इंसान हलाल कमाई करता है, सच्चाई और ईमानदारी को अपनाता है, तो उसकी दुआ में भी असर पैदा होता है।
इसलिए अगर कोई इंसान चाहता है कि उसकी दुआ स्वीकार हो, तो उसे सबसे पहले अपनी कमाई को हलाल बनाना होगा, अपने कर्म को साफ़ करना होगा, और अपनी ज़िंदगी को अल्लाह के हुक्म के मुताबिक ढालना (adapt) होगा। तभी उसकी दुआ सच्चे मायने में प्रभावी बन सकती है।
आज के समय में हलाल-हराम में लापरवाही
आधुनिक समय बहुत तेज़ और भाग-दौड़ भरा है। हर इंसान आगे बढ़ना चाहता है, सफलता हासिल करना चाहता है और ज्यादा से ज्यादा धन कमाना चाहता है। लेकिन इस तेज़ दौड़ में लोग अक्सर यह भूल जाते हैं कि जो पैसा वे कमा रहे हैं, वह हलाल है या हराम।
हदीस में आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की यह शिक्षा मिलती है कि:
يَأْتِي عَلَى النَّاسِ زَمَانٌ لَا يُبَالِي الْمَرْءُ مَا أَخَذَ مِنْهُ، أَمِنَ الْحَلَالِ أَمْ مِنَ الْحَرَامِ
“एक समय ऐसा आएगा जब इंसान यह नहीं देखेगा कि उसका माल हलाल है या हराम।” (सहीह बुखारी)
यह हदीस आज के हालात पर बिल्कुल सही बैठती है। आज बहुत से लोग सिर्फ़ पैसा कमाने पर ध्यान देते हैं, लेकिन उसके सही या गलत होने की परवाह कम कर देते हैं।
आज हम अपने आसपास देखते हैं कि रिश्वत (bribery) लेना-देना आम हो गया है, धोखा (fraud) देना लोगों को आसान लगता है, झूठ बोलकर पैसा कमाना एक आम बात बन गई है और ब्याज का सिस्टम हर जगह फैल चुका है।
कई लोग यह सोचते हैं कि “जब सब लोग ऐसा कर रहे हैं, तो हम क्यों पीछे रहें?” लेकिन यह विचार गलत है। इस्लाम हमें सिखाता है कि सही और गलत का फैसला भीड़ को देखकर नहीं, बल्कि अल्लाह और उसके रसूल के आदेश के अनुसार करना चाहिए। हर इंसान अपने कर्म के लिए खुद जिम्मेदार है। क़यामत के दिन किसी का बहाना काम नहीं आएगा कि “सब लोग ऐसा कर रहे थे।”
इसलिए जरूरी है कि इंसान समझ से काम ले, हर कमाई के तरीके को जांच करे, और हलाल-हराम के फर्क को समझकर ही कदम उठाए। यही तरीका उसे दुनिया और आखिरत दोनों में कामयाबी दिला सकता है।
एक मुसलमान के लिए हलाल ज़िन्दगी अपनाने की महत्व
एक सच्चे मुसलमान मुसलमान की पहचान यह है कि वह हराम से बचता है और जायज़ को अपनाता है। उसकी प्रयास होती है कि उसकी जीवन का हर हिस्सा अल्लाह के आदेश के मुताबिक हो।
अल्लाह तआला कुरआन में इरशाद फरमाता है:
يَا أَيُّهَا الَّذِينَ آمَنُوا كُلُوا مِنْ طَيِّبَاتِ مَا رَزَقْنَاكُمْ
“ऐ ईमान वालो! जो शुद्ध चीज़ें हमने तुम्हें दी हैं, उनमें से खाओ।” (البقرة: 172)
इस आयत में सिर्फ़ खाने का जिक्र नहीं है, बल्कि पूरी ज़िन्दगी को पाक और हलाल तरीके से जीने की तरफ इशारा है। यानी इंसान को हर काम में यह देखना चाहिए कि वह हलाल है या नहीं।
हलाल ज़िन्दगी अपनाने के कई बड़े लाभ होते हैं। उदाहरण के तौर पर अल्लाह की प्रसन्नता हासिल होती है, हृदय को सुकून (शांति) मिलता है, दुआ स्वीकार होती है और आख़िरत में कामयाबी सफलता मिलती है।
हलाल ज़िन्दगी का मतलब सिर्फ़ हलाल भोजन नहीं है, बल्कि यह पूरी जीवनशैली (lifestyle) से जुड़ा हुआ है। इसमें शामिल है जैसे कि हलाल नौकरी करना, हलाल व्यापार(Halal business) अपनाना, हर काम ईमानदारी से करना और किसी का हक़ न मारना।
जब इंसान इस तरह की ज़िन्दगी अपनाता है, तो उसकी दुनिया भी बेहतर होती है और आख़िरत भी। यही एक सच्चे मुसलमान की असली सफलता है।
निष्कर्ष (Conclusion):
आख़िर में यही कहा जा सकता है कि हलाल और हराम का मसला इंसान की पूरी जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ है। यह सिर्फ़ खाने-पीने तक सीमित नहीं, बल्कि कमाई, व्यवहार और हर कर्म को शामिल करता है।
हलाल कमाई इंसान को शांति, बरकत और सफलता देती है, जबकि हराम कमाई उसे परेशान, बेचैन और आखिर में बर्बाद नष्ट कर देती है।
हदीस शरीफ में आता है:
كُلُّ جَسَدٍ نَبَتَ مِنْ حَرَامٍ فَالنَّارُ أَوْلَى بِهِ
“जिस शरीर की परवरिश हराम से हुई हो, वह जहन्नम का ज्यादा हक़दार है।” (तिर्मिज़ी)
इसलिए हर मुसलमान को चाहिए कि वह अपनी ज़िन्दगी में हलाल को अपनाए और हराम से पूरी तरह बचे। यही एक नेक धर्मपरायण इंसान की पहचान है।
अगर हम सच में दुनिया और आख़िरत दोनों में कामयाबी चाहते हैं, तो हमें अपनी कमाई, अपने कार्य और अपने हर अमल को हलाल बनाना होगा।
अल्लाह तआला हमें हलाल कमाने, हलाल खाने और हराम से बचने की तौफ़ीक़ अता फरमाए। आमीन!
संदर्भ (References):
- सूरह अल-बक़रा
- सहीह बुखारी
- सहीह मुस्लिम
- जामे तिर्मिज़ी
- तफ़्सीर इब्न कसीर
लेखक:
रेहान आलम, बारहवीं कक्षा, कुर्तुबा लीडर्स अकैडमी, किशनगंज, बिहार
Disclaimer
The views expressed in this article are the author’s own and do not necessarily mirror Islamonweb’s editorial stance.
Leave A Comment