तदब्बुर-ए-क़ुरआन: आयतों में छुपे ज़िंदगी के सबक

भूमिका

जब कोई इंसान पहली बार शब्द 'तदब्बुर' सुनता है, तो उसके ज़हन में यह सवाल आ सकता है कि क्या यह सिर्फ उलमा, स्कोलर्स या अरबी ज़बान के माहिरों का काम है? क्या एक आम इंसान, जो अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी की उलझनों, दफ़्तर के काम और घरेलू ज़िम्मेदारियों में फंसा हुआ है, वह भी क़ुरआन पर तदब्बुर (गहरा चिंतन) कर सकता है?

हम अक्सर क़ुरआन को बहुत अक़ीदत (सम्मान) से चूमते हैं, उसे ऊंचे स्थान पर रखते हैं, और रमज़ान या ख़ास मौक़ों पर उसकी तिलावत भी करते हैं। लेकिन क्या कभी हमने रुककर यह सोचा है कि इस किताब का हर एक लफ़्ज़ सीधे हमारे दिल से क्या बात करना चाहता है?

इन सवालों का जवाब हमें तब मिलता है जब हम यह समझते हैं कि क़ुरआन सिर्फ़ सवाब (पुण्य) कमाने के लिए पढ़ी जाने वाली किताब नहीं है, बल्कि यह जीने का तरीक़ा सिखाने वाली गाइड (Guidance Book) है।

तदब्बुर का सीधा सा मतलब है आयत के पीछे छिपे मक़सद को समझना, उसे अपनी निजी ज़िंदगी पर लागू करना और यह देखना कि अल्लाह इस वक़्त मुझसे क्या चाह रहा है।

तदब्बुर क्या है और क़ुरआन इसके बारे में क्या कहता है?

अल्लाह तआला ने क़ुरआन को केवल ज़ुबानी तोते की तरह रटने के लिए नज़िल नहीं किया, बल्कि दिल की गहराइयों में उतारने के लिए भेजा है। अल्लाह सुब्हानहू व तआला क़ुरआन में साफ़ तौर पर इरशाद फ़रमाता है:

كِتَابٌ أَنزَلْنَاهُ إِلَيْكَ مُبَارَكٌ لِّيَدَّبَّرُوا آيَاتِهِ وَلِيَتَذَكَّرَ أُولُو الْأَلْبَابِ

"यह एक मुबारक किताब है जिसे हमने आपकी तरफ़ नाज़िल किया है, ताकि लोग इसकी आयतों पर ग़ौर फ़िक्र (तदब्बुर) करें और अक़्ल वाले इससे नसीहत हासिल करें।" (सूरह साद : 29)

इस आयत से साफ़ ज़ाहिर है कि क़ुरआन का असल मक़सद ही 'तदब्बुर' है। जो इंसान बिना समझे और बिना सोचे-समझे गुज़र जाता है, वह उस ख़ज़ाने को छोड़ देता है जो उसकी रूह को बदल सकता था।

एक और जगह अल्लाह तआला अफ़सोस के अंदाज़ में पूछता है:

أَفَلَا يَتَدَبَّرُونَ الْقُرْآنَ أَمْ عَلَىٰ قُلُوبٍ أَقْفَالُهَا

"तो क्या ये लोग क़ुरआन पर ग़ौर नहीं करते? या इनके दिलों पर ताले लगे हुए हैं?" (सूरह मुहम्मद: 24)

उलमा फ़रमाते हैं कि दिल पर ताला लग जाने का मतलब यह है कि इंसान दुनिया की मोहब्बत और ग़फ़लत में इतना खो जाता है कि उसे अल्लाह का कलाम छू ही नहीं पाता।

रसूलुल्लाह और सहाबा का तदब्बुर

हमारे नबी हज़रत मुहम्मद की ज़िंदगी क़ुरआन का अमली (व्यावहारिक) नमूना थी। उम्मतुल मोमिनीन हज़रत आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा से जब किसी ने नबी के अख़लाक़ के बारे में पूछा, तो उन्होंने फ़रमाया:

«كَانَ خُلُقُهُ الْقُرْآنَ»

"उनका अख़लाक़ क़ुरआन ही तो था।" (सहीह मुस्लिम)

रातों को नमाज़ में रसूलुल्लाह एक-एक आयत पर इस क़दर रोते और तदब्बुर करते थे कि पैर सूज जाते थे।

हज़रत अब्दुल्लाह बिन मसूद रज़ियल्लाहु अन्हु बयान करते हैं कि एक बार नबी ने उनसे कहा,

«اقْرَأْ عَلَيَّ الْقُرْآنَ».

"मुझे क़ुरआन सुनाओ।"

उन्होंने कहा,

يَا رَسُولَ اللَّهِ، أَقْرَأُ عَلَيْكَ وَعَلَيْكَ أُنْزِلَ؟

"अल्लाह के रसूल! क़ुरआन आप पर नाज़िल हुआ और मैं आपको सुनाऊँ?"

नबी ने फ़रमाया,

قَالَ: «إِنِّي أُحِبُّ أَنْ أَسْمَعَهُ مِنْ غَيْرِي.

"मैं दूसरों से सुनना पसंद करता हूँ।"

जब हज़रत अब्दुल्लाह ने सूरह निसा की यह आयत पढ़ी:

فَكَيْفَ إِذَا جِئْنَا مِن كُلِّ أُمَّةٍ بِشَهِيدٍ وَجِئْنَا بِكَ عَلَىٰ هَٰؤُلَاءِ شَهِيدًا

"फिर उस वक़्त क्या हाल होगा जब हम हर उम्मत में से एक गवाह लाएंगे और (महबूब!) आपको इन सब पर गवाह बनाकर पेश करेंगे।"(सूरह निसा : 41)

तो हज़रत अब्दुल्लाह कहते हैं कि मैंने देखा कि रसूलुल्लाह की आँखों से आँसू बह रहे थे। (सहीह बुख़ारी)

यह तदब्बुर ही था जिसने उनके दिल को हिलाकर रख दिया।

सहाबा-ए-किराम का हाल यह था कि वे केवल दस आयतें सीखते थे, और जब तक उन आयतों को समझकर अपनी ज़िंदगी में ढाल नहीं लेते थे, आगे नहीं बढ़ते थे। हज़रत उमर रज़ियल्लाहु अन्हु को सूरह बक़रह को पूरी तरह समझने और अपनी ज़िंदगी में उतारने में कई साल लग गए थे।

रोज़मर्रा की ज़िंदगी के लिए क़ुरआन के सबक

आज का इंसान तनाव (Stress), एंग्जायटी, रिश्तों के बिखराव और आर्थिक तंगी से परेशान है। तदब्बुर हमें सिखाता है कि इन सब का हल क़ुरआन में मौजूद है:

  1. जब दिल टूटने लगे और मायूसी होने लगे

आज लोग छोटी-सी नाकामी पर डिप्रेशन में चले जाते हैं। ऐसे में जब आप सूरह जुमर की यह आयत पढ़ते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे अल्लाह सीधे आपके कांधे पर हाथ रखकर सांत्वना दे रहा हो:

قُلْ يَا عِبَادِيَ الَّذِينَ أَسْرَفُوا عَلَىٰ أَنفُسِهِمْ لَا تَقْنَطُوا مِن رَّحْمَةِ اللَّهِ

"कह दीजिए कि मेरे बंदो! जिन्होंने अपनी जानों पर ज़्यादती (गुनाह) की है, अल्लाह की रहमत से मायूस होना।"(सूरह अज़-ज़ुमर : 53)

यह आयत बताती है कि इंसान कितना भी टूट जाए, उसका रब उसे अपनाने के लिए हमेशा तैयार है।

  1. मुश्किलों और परेशानियों का सामना कैसे करें

ज़िंदगी में जब कोई बड़ी मुसीबत आती है, तो इंसान घबरा जाता है। लेकिन सूरह बक़रह की यह आयत हमें सब्र की ताक़त देती है:

لَا يُكَلِّفُ اللَّهُ نَفْسًا إِلَّا وُسْعَهَا

"अल्लाह किसी जान पर उसकी ताक़त से ज़्यादा बोझ नहीं डालता।" (सूरह अल-बक़राह : 286)

तदब्बुर करने वाला इंसान सोचता है कि अगर यह मुसीबत मुझ पर आई है, तो इसका मतलब है कि मेरे अल्लाह को मुझ पर भरोसा है कि मैं इसे बर्दाश्त कर सकता हूँ। यह सोच इंसान को कमज़ोर नहीं होने देती।

  1. रिश्तों को संभालने का नुस्खा

आजकल घरों में ज़रा-सी बात पर झगड़े और तलाक़ हो जाते हैं। क़ुरआन बातचीत का सलीक़ा सिखाता है:

وَقُل لِّعِبَادِي يَقُولُوا الَّتِي هِيَ أَحْسَنُ

"और मेरे बंदों से कह दीजिए कि वह बात कहें जो सबसे अच्छी हो।" (सूरह अल-इसरा : 53)

अगर हम इस एक आयत पर तदब्बुर कर लें, तो हमारे घरों के आधे विवाद केवल मीठी और अच्छी ज़बान बोलने से ख़त्म हो जाएं।

तदब्बुर कैसे करें? (एक आम इंसान के लिए व्यावहारिक तरीक़ा)

तदब्बुर करने के लिए आपको बहुत बड़ा स्कॉलर होने की ज़रूरत नहीं है। आप रोज़ाना केवल ये तीन आसान क़दम उठा सकते हैं:

  1. कम पढ़ें, लेकिन समझकर पढ़ें

रोज़ाना एक पूरा पारा पढ़ने के बजाय, केवल 4 या 5 आयतें अनुवाद (Translation) और तफ़्सीर (Explanation) के साथ पढ़ें।

  1. ख़ुद से सवाल करें

जब आप कोई आयत पढ़ें, जैसे—"ईमान वालों! झूठ से बचो"—तो रुकें और सोचें कि क्या मेरी ज़िंदगी में कहीं झूठ शामिल है? क्या मैं व्यापार में या दफ़्तर में झूठ बोल रहा हूँ?

  1. दुआ करें

आयत को समझने के बाद अल्लाह से तौफ़ीक़ मांगें कि:

"अल्लाह, जो मैंने पढ़ा है, मुझे उस पर अमल करने की ताक़त अता फ़रमा।"

निष्कर्ष

ज़िंदगी के थपेड़ों से परेशान होकर जब इंसान थक जाता है, तो क़ुरआन की एक आयत उसके मुरझाए हुए दिल को फिर से हरा-भरा कर देती है। ज़रूरत इस बात की है कि हम क़ुरआन की अलमारी के गिलाफ़ को हटाएं, उसे खोलें, और ज़ुबान के साथ-साथ अपने दिल के दरवाज़े भी खोल दें ताकि अल्लाह का नूर हमारी रूह में समा सके।

जिस दिन हमारा क़ुरआन से यह तदब्बुर वाला रिश्ता कायम हो जाएगा, हमारी ज़िंदगी से मायूसी हमेशा के लिए ख़त्म हो जाएगी और हमें वह सुकून हासिल होगा जिसे दुनिया की कोई दौलत नहीं खरीद सकती।

संदर्भ

  • सूरह साद (आयत : 29)
  • सूरह मुहम्मद (आयत : 24)
  • सूरह अज़-ज़ुमर (आयत : 53)
  • सूरह अल-बक़राह (आयत : 286)
  • सूरह अल-इसरा (आयत : 53)
  • सूरह निसा (आयत : 41)
  • सहीह बुख़ारी
  • सहीह मुस्लिम

लेखक

लेखक: मोहम्मद रहबर इस्लाम, दारुल हुदा इस्लामिक यूनिवर्सिटी, मलप्पुरम, केरल के डिग्री फर्स्ट ईयर के छात्र हैं। वे बिहार से ताल्लुक रखते हैं।

Disclaimer

The views expressed in this article are the author’s own and do not necessarily mirror Islamonweb’s editorial stance.

Leave A Comment

Related Posts