दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमान
दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों (The World's 500 Most Influential Muslims) की नई सूची जारी कर दी गई है। इस बार सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के पांच नेताओं को संयुक्त रूप से (equally )पहला स्थान दिया गया है। वहीं, ग़ज़ा के एक फ़िलिस्तीनी डॉक्टर को साल का खास व्यक्तित्व (Man of the Year) चुना गया है।
जॉर्डन की राजधानी अम्मान में मौजूद रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज़ सेंटर (Royal Islamic Strategic Studies Centre – RISSC) ने दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों (The Muslim 500: The World's 500 Most Influential Muslims) की 2027 की सूची जारी की है। यह इस प्रकाशन (Publication) का 18वां संस्करण (Edition) है। इसमें उन मुस्लिम हस्तियों को जगह दी गई है, जिन्होंने धार्मिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है और मुस्लिम दुनिया पर प्रभाव डाला है।
इस प्रकाशन के इतिहास में पहली बार पांच लोगों को संयुक्त रूप से पहला स्थान दिया गया है। इनमें सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ अल सऊद और क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर तथा तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोग़ान शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, इन पांचों नेताओं को संयुक्त रूप से पहला स्थान देने की एक बड़ी वजह सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के बीच बढ़ता रक्षा सहयोग (Defence Cooperation) और आपसी रणनीतिक संबंध (Strategic Relations) हैं।
इस साल ग़ज़ा के कमाल अदवान अस्पताल के निदेशक (Director ) और बच्चों के डॉक्टर (Pediatrician) डॉ. हुसाम अबू सफ़िया को साल का खास व्यक्तित्व (Man of the Year) चुना गया है। रिपोर्ट में युद्ध के दौरान उनकी सेवाओं और मुश्किल हालात में भी मरीजों का इलाज जारी रखने के उनके जज़्बे को खास तौर पर सामने लाया गया है। फिलहाल वे इज़राइल की हिरासत (Detention) में हैं।
शीर्ष 50 में शामिल प्रमुख मुस्लिम हस्तियां
2027 की सूची में संयुक्त रूप से पहले स्थान के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता (Supreme Leader) आयतुल्लाह सैयद मुज्तबा ख़ामेनेई को चौथा स्थान दिया गया है। जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह द्वितीय पांचवें और क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमद अल सानी छठे स्थान पर हैं।
इस्लामी विद्वानों (Islamic Scholars) में पाकिस्तान के मशहूर मुफ़्ती मुहम्मद तक़ी उस्मानी सातवें स्थान पर हैं। वहीं, यमन के प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान और आध्यात्मिक रहनुमा (Spiritual Leader) अल-हबीब उमर बिन हफ़ीज़ को आठवां स्थान मिला है। वे तारीम में स्थित दारुल मुस्तफ़ा के संस्थापक हैं।
इसके अलावा, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को 13वां, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को 16वां, नहदतुल उलमा के अध्यक्ष याह्या चोलिल स्ताक़ुफ़ को 21वां और इंडोनेशिया के इस्लामी विद्वान हबीब लुत्फ़ी बिन यह्या को 31वां स्थान दिया गया है।
2027 की सूची में भारतीय मुस्लिम हस्तियां
इस साल की सूची में भारत की कई जानी-मानी मुस्लिम हस्तियों को भी शामिल किया गया है। इनमें इस्लामी विद्वान, धार्मिक रहनुमा, शिक्षाविद और समाज में अपनी सेवाएं देने वाले लोग शामिल हैं।
इनमें केरल की दारुल हुदा इस्लामिक यूनिवर्सिटी (Darul Huda Islamic University) के संस्थापक कुलपति (Founding Vice Chancellor) डॉ. बहाउद्दीन मुहम्मद जमालुद्दीन नदवी का नाम भी शामिल है। उन्हें विद्वता (Scholarly) की श्रेणी में जगह दी गई है।
रिपोर्ट में इस्लामी शिक्षा के क्षेत्र में उनके काम, उनकी किताबों और अनुवादों (Translations) का ज़िक्र किया गया है। खास तौर पर क़ुरआन मजीद के मलयालम अनुवाद और उसकी तफ़सीर (Exegesis) के उनके काम को महत्वपूर्ण बताया गया है।
इसके अलावा, वे इस्लामी अध्ययन की अंतरराष्ट्रीय पत्रिका इस्लामिक इनसाइट (Islamic Insight) के प्रधान संपादक (Editor-in-Chief) भी हैं। रिपोर्ट में समस्त केरल जमइय्यतुल उलमा और समस्त केरल जमइय्यतुल मुअल्लिमीन में उनकी नेतृत्वकारी भूमिका (Leadership Role) का भी ज़िक्र किया गया है।
भारत की दूसरी प्रमुख मुस्लिम हस्तियों में शेख़ अबूबक्र अहमद, सैयद इब्राहीमुल ख़लील अल-बुख़ारी, मौलाना महमूद मदनी, मौलाना सैयद अरशद मदनी, मौलाना साद कंधलवी, मुफ़्ती अबुल क़ासिम नोमानी और डॉ. ज़ाकिर नाइक शामिल हैं।
इन सभी हस्तियों को शामिल किया जाना इस बात को दिखाता है कि भारतीय मुसलमान इस्लामी शिक्षा, धार्मिक रहनुमाई, सामाजिक काम और सार्वजनिक जीवन (Public Life) में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
ग़ज़ा और ईरान की हस्तियों को मिला खास सम्मान
इस साल की सूची में दो ऐसी हस्तियों को भी खास सम्मान दिया गया है, जिनकी कहानियां हाल के युद्धों और संघर्षों में आम लोगों को होने वाली परेशानियों को सामने लाती हैं।
साल का खास व्यक्तित्व (Man of the Year) चुने गए डॉ. हुसाम अबू सफ़िया को 27 दिसंबर 2024 को इज़राइली सेना ने कमाल अदवान अस्पताल में सैन्य कार्रवाई (Military Operation) के दौरान हिरासत में ले लिया था।
रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल पर लगातार हमलों, दवाओं और इलाज के सामान की कमी तथा अपने बेटे को खोने के बावजूद उन्होंने मरीजों का इलाज जारी रखा। उन्होंने मुश्किल हालात में भी अस्पताल नहीं छोड़ा और मरीजों के बीच रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे। पूरी सूची में उन्हें 50वां स्थान भी दिया गया है।
वहीं, साल की खास महिला (Woman of the Year) का सम्मान ईरान की छात्रा फ़ातिमा ज़हरा शेख़ाबादी को दिया गया है। वे फरवरी 2026 में ईरान के मिनाब शहर के शजरेह तैय्येबेह प्राथमिक स्कूल पर हुए हमले में बचने वाली छात्राओं में से एक हैं।
इस सम्मान में उनके साथ स्कूल की दूसरी छात्राओं और शिक्षकों को भी शामिल किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि फ़ातिमा ने इस घटना के बारे में लोगों तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (United Nations Human Rights Council) के सामने भी इस घटना के बारे में अपनी बात रखी।
दुनिया के प्रभावशाली मुसलमानों की सूची कैसे तैयार होती है?
दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की सूची (The Muslim 500) तैयार करते समय यह देखा जाता है कि किसी व्यक्ति का मुसलमानों और मुस्लिम समाज पर कितना प्रभाव (Influence) है और वह समाज में किस तरह की तब्दीली लाने की क्षमता रखता है।
इसमें धार्मिक ज्ञान, राजनीतिक नेतृत्व, सामाजिक सेवाओं, कला-संस्कृति और आर्थिक क्षेत्र में लोगों के योगदान को ध्यान में रखा जाता है।
रिपोर्ट के संपादकीय परिचय (Editorial Introduction) के अनुसार, यह सूची तैयार करने में जानकारों की राय, लोगों के सुझाव और समाज से जुड़े कई पहलुओं को आधार बनाया जाता है। इसमें किसी व्यक्ति के पूरे जीवन के काम और योगदान को किसी एक साल की उपलब्धियों से अधिक महत्व दिया जाता है।
रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि किसी व्यक्ति का इस सूची में शामिल होना यह नहीं बताता कि प्रकाशन उसके सभी विचारों और कामों का समर्थन करता है।
2027 के संस्करण में दुनिया की कुल मुस्लिम आबादी लगभग 2.2 अरब बताई गई है। इसमें पहले 50 लोगों की क्रमवार सूची दी गई है, जबकि बाकी 450 लोगों को 13 अलग-अलग क्षेत्रों में रखा गया है।
इन क्षेत्रों में इस्लामी शिक्षा, राजनीति, धार्मिक संस्थाओं का कामकाज, समाजसेवा, विज्ञान और तकनीक, मीडिया, कला-संस्कृति तथा सामाजिक मुद्दे शामिल हैं।
इस बार की रिपोर्ट में मुस्लिम दुनिया के अहम घटनाक्रमों, ग़ज़ा और वेस्ट बैंक के हालात तथा अलग-अलग मुस्लिम देशों की स्थिति पर भी खास लेख शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही आज मुस्लिम समाज को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, उन पर भी चर्चा की गई है।
2027 की पूरी सूची और विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशन की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
वेबसाइट: दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की 2027 की सूची (The Muslim 500)
Disclaimer
The views expressed in this article are the author’s own and do not necessarily mirror Islamonweb’s editorial stance.
Leave A Comment